

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार स्कूली बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखने और शिक्षा को अधिक रोचक बनाने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से ‘मिशन ज्ञान गंगा’ की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत स्कूली शिक्षा के पाठ्यक्रम से जुड़े ज्ञानवर्धक एवं रोचक रील्स और शॉर्ट वीडियो तैयार कर विद्यार्थियों तक पहुंचाए जा रहे हैं।


इस कार्यक्रम के अंतर्गत रुड़की स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के शिक्षकों द्वारा विशेष शैक्षणिक वीडियो कंटेंट तैयार किया जा रहा है। यह सामग्री कक्षा 3 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।



अधिकारियों के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों के समय का सही उपयोग सुनिश्चित करना और पढ़ाई को सरल व मनोरंजक बनाना है। वीडियो आधारित शिक्षण से कठिन विषयों को भी आसानी से समझने में मदद मिल रही है।


सीडीओ ललित नारायण मिश्र ने बताया कि इस मिशन को नीति आयोग द्वारा भी सराहा गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल माध्यमों के बेहतर उपयोग का एक अच्छा उदाहरण बन रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में जब बच्चे मोबाइल फोन पर अधिक समय व्यतीत करते हैं, ऐसे में यदि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक कंटेंट उपलब्ध कराया जाए तो इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।

मिशन ज्ञान गंगा के तहत तैयार किए जा रहे वीडियो को छात्र-छात्राएं अपने मोबाइल फोन के माध्यम से देख रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़ रही है और वे विषयों को बेहतर ढंग से समझ पा रहे हैं।


शिक्षा विभाग का मानना है कि यह पहल आने वाले समय में सरकारी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा डिजिटल शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेगी।

