

स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर अंसारी


जोया पैलेस में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हसन हुसैन ब्लड डोनेशन कैंप एवं विशाल रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ देश में चर्चित कोटद्वार निवासी दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश के प्रसिद्ध बॉडी बिल्डर मोहित चोपड़ा भी मौजूद रहे।


कार्यक्रम में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे और रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का उत्साह देखने योग्य रहा। आयोजन स्थल पर समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं।



रक्तदाताओं के लिए भोजन व्यवस्था के साथ-साथ मीठे शरबत की छबील भी लगाई गई, जिससे भीषण गर्मी में प्रतिभागियों को राहत मिली। इसके अलावा पूरे परिसर में आधुनिक कूलरों की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि रक्तदान करने वाले युवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


शिविर में दूर-दराज से आए रक्तदाताओं का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले युवाओं को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा।

इस अवसर पर दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक का नेकी फाउंडेशन के संस्थापक इस्तियाक अंसारी और उनके साथियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने उनके साथ फोटो और सेल्फी भी ली।

अपने संबोधन में दीपक कुमार ने कहा कि सभी इंसानों का खून एक समान होता है और समाज में भाईचारा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखने तथा अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की।



शिविर में लगभग 125 यूनिट से अधिक रक्त एकत्र किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोग में लाया जाएगा। आयोजकों ने इसे एक सफल और प्रेरणादायक सामाजिक पहल बताया।
कार्यक्रम में जोया पैलेस के एमडी हाजी इकबाल अहमद, सभासद मोहम्मद इस्माइल, रेहान अंसारी, साने आलम, ग्राम प्रधान खलीक अहमद, पूर्व ग्राम प्रधान मुगनी मलिक, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उत्तम आचार्य, सिराजुद्दीन मलिक, किसान नेता सतवंत सिंह बागी, गुरदेव सिंह, एडवोकेट जीएस बेदी, एडवोकेट मुशीर अहमद लरी सहित सैकड़ों युवा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

