

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में SC-ST टीचर एसोसिएशन ने अपनी 19 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने देहरादून में सचिवालय घेराव के लिए रैली निकाली, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल देखने को मिली।


एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी ने बताया कि पिछले लगभग दो माह से उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।



उन्होंने बताया कि आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया गया है। पहले चरण में तहसीलों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपे गए। दूसरे चरण में जिलाधिकारी कार्यालयों के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।


इसके बाद तीसरे चरण में राष्ट्रपति, राज्यपाल और प्रधानमंत्री को भी ज्ञापन प्रेषित किए गए, लेकिन मांगों पर कोई कार्रवाई न होने के कारण अब आंदोलन को चौथे चरण में प्रवेश कराते हुए सचिवालय घेराव किया गया है।

रैली के दौरान शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग की। उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान न होने से शिक्षकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और वार्ता का रास्ता नहीं खोला गया, तो आगामी अक्टूबर के पहले सप्ताह में वे अपने परिवार सहित धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।


उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है, लेकिन यदि सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
फिलहाल सचिवालय घेराव के बाद प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।

