किच्छा में सुसाइड केस पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग

किच्छा में सुसाइड केस पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग

रिपोर्टर – राजू सहगल
स्थान : किच्छा (उधम सिंह नगर)

कोतवाली किच्छा क्षेत्र के किशनपुर इलाके में करीब दो सप्ताह पूर्व सामने आए वीर विमलेंद्र सिंह सुसाइड केस में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्नी भावना ने मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

भावना ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून की शाम लगभग 7:30 बजे उनके पति विमलेंद्र सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने बताया कि उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। गंभीर हालत में उन्हें बरेली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति को किच्छा निवासी अनुराधा, आशीष और राजीव द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि आरोपियों द्वारा भूमिधरी जमीन को हथियाने के उद्देश्य से लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उनके पति ने आत्मघाती कदम उठाया।

भावना के अनुसार, उनके पति ने पहले ही उन्हें बताया था कि तीनों आरोपियों द्वारा धमकियां दी जा रही थीं और झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में पहले ही पुलिस को रिपोर्ट दी जा चुकी है।

पीड़िता ने पुलिस प्रशासन पर भरोसा जताते हुए मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।