

ब्यूरो रिपोर्ट


दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में शनिवार दोपहर बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।


मौसम विभाग के अनुसार, आज दोपहर या शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान आने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।


तेज हवाओं और बारिश के चलते भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।


मौसम विभाग ने यह भी बताया कि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते 21 जून तक दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी। यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और स्थानीय मौसम प्रणाली के प्रभाव के कारण हो रहा है।
नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। यहां तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, रविवार को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि सोमवार को मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है। पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच यह बदलाव लोगों को आंशिक राहत प्रदान करेगा।



