

स्थान : लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट


लोहाघाट घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीआरपीएफ के एक जवान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार हल्द्वानी से जोरासी जा रही एक टाटा पंच कार बंतोली क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में वाहन स्वामी एवं सीआरपीएफ जवान बलदेव कुमार तथा उनके जेठ राजेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।



कार में सवार बलदेव कुमार की पत्नी नीतू देवी, पुत्री अक्षिता और पुत्र आरव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को गहरी खाई से बाहर निकाला।


घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया। डॉ. राठी ने बताया कि तीनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों बच्चों के सिर पर गंभीर चोटें हैं, जबकि नीतू देवी के पैर में फ्रैक्चर हुआ है।

घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए और परिजनों की सहमति के बाद तीनों को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी भेजा गया। वहीं दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर लिया गया है और परिजनों के पहुंचने के बाद शव उन्हें सौंपे जाएंगे।

हादसे की सबसे मार्मिक बात यह है कि नीतू देवी ने इस दुर्घटना में अपने पति और बड़े भाई दोनों को खो दिया है, जबकि उनके दोनों बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार ने हाल ही में 4 जून को नई कार खरीदी थी। परिजनों ने अभी तक नीतू देवी को उनके पति और भाई की मौत की जानकारी नहीं दी है।


दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिलाधिकारी चंपावत ने भी अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए और पूरे घटनाक्रम की लगातार जानकारी लेते रहे। इस दुखद हादसे ने पूरे लोहाघाट क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।

