भर्ती परीक्षा को लेकर देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, 16 केंद्रों पर छह हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

भर्ती परीक्षा को लेकर देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, 16 केंद्रों पर छह हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून में आयोजित होने जा रही भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया है। परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

जिले में बनाए गए 16 परीक्षा केंद्रों पर छह हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखने के लिए विशेष निगरानी टीमों का गठन किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि प्रत्येक तीन परीक्षा केंद्रों पर एक सुपरवाइजर के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम तैनात की गई है। ये टीमें परीक्षा शुरू होने से पहले, परीक्षा के दौरान और परीक्षा समाप्त होने के बाद तक लगातार निगरानी रखेंगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करेंगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सेक्टर अधिकारियों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सतर्क रहेंगे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या व्यवधान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों से भी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।