

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी


भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पहाड़पानी में लंबे समय से कक्षा कक्षों और प्रयोगशाला भवन की कमी के कारण छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।


ग्रामीणों एवं अभिभावकों की मांग पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से विद्यालय भवन के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई थी।



भवन निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को नव निर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है, ताकि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में लगभग दो दर्जन से अधिक इंटर कॉलेजों और हाई स्कूलों के भवन निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जनता दरबार लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, मंडल अध्यक्ष कृष्णा मेलकानी, ललित मोहन शर्मा, डी.के. आर्य, बीडीसी सदस्य अनिल कुमार, प्रकाश चंद्र, विवेक डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



