बाजपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 40 कुंतल खैर की लकड़ी से भरी पिकअप बरामद

बाजपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 40 कुंतल खैर की लकड़ी से भरी पिकअप बरामद

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर
: विशेष शर्मा

तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के अंतर्गत अवैध पातन एवं अभिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 40 कुंतल खैर की लकड़ी से भरी एक संदिग्ध पिकअप वाहन को बरामद किया है। कार्रवाई से अवैध लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।

प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चंद आर्य और उप प्रभागीय वनाधिकारी किरण शाह के निर्देशन में वन विभाग लगातार अवैध कटान और लकड़ी तस्करी पर निगरानी बनाए हुए है। इसी क्रम में 18 जून को विभाग को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि खैर की लकड़ी से भरा एक वाहन केशोवाला क्षेत्र से सुल्तानपुर पट्टी की ओर जा रहा है।

सूचना मिलते ही उप वन क्षेत्राधिकारी बन्नाखेड़ा दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। वहीं वाहन के काशीपुर की ओर भागने की संभावना को देखते हुए काशीपुर रेंज के वन कर्मियों को भी अलर्ट कर दिया गया।

करीब 11:45 बजे फौजी कॉलोनी क्षेत्र में वन विभाग की टीम को एक संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया। टीम ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया, लेकिन चालक वन विभाग की कार्रवाई को भांपते हुए फौजी कॉलोनी स्थित एक अज्ञात मकान के समीप खेत में वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया।

वन विभाग की टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें नीले तिरपाल से ढके हुए 81 नग खैर प्रकाष्ठ बरामद हुए। बरामद लकड़ी का वजन लगभग 40 कुंतल बताया जा रहा है। इसके बाद विभाग ने वाहन और लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय पहुंचाया।

वन विभाग ने मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद खैर की लकड़ी के स्रोत और इससे जुड़े तस्करी नेटवर्क की जांच भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला, वन दरोगा सुरेश चंद्र तिवाड़ी, कार्यालय प्रभारी मोनू, वन आरक्षी सौरभ, वन आरक्षी ज्ञान सिंह, कार्यालय सहायक युवराज सहित अन्य वन कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने कहा है कि अवैध कटान और वन संपदा की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।