

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


जिलाधिकारी उधम सिंह नगर के निर्देशों के बाद जसपुर क्षेत्र में राशन कार्डों के सत्यापन का अभियान तेज कर दिया गया है। अभियान का उद्देश्य अपात्र लोगों के राशन कार्ड निरस्त कर पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रशासन ने इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया है, जो घर-घर जाकर जांच का कार्य करेंगी।


प्रशासन द्वारा गठित टीमें राशन कार्ड धारकों के घर पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सरकारी राशन योजना का लाभ केवल पात्र व्यक्तियों को ही मिले। अपात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों के राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे।



अधिकारियों के अनुसार जिन लोगों के पास राशन कार्ड नहीं हैं, लेकिन वे पात्रता की श्रेणी में आते हैं, उनका भी सत्यापन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद पात्र पाए जाने वाले परिवारों के नए राशन कार्ड बनाकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।


खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मुकुल गर्जोला ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना और वास्तविक जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए प्रशासन गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी जिलाधिकारी द्वारा राशन कार्डों की जांच के आदेश दिए गए थे और इस वर्ष भी व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग स्तर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जसपुर शहरी क्षेत्र के लिए उपजिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।


उपजिलाधिकारी की ओर से संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर टीमों का गठन करने और हाउस-टू-हाउस सर्वे के माध्यम से राशन कार्डों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि शहरी क्षेत्रों में भी जल्द अभियान प्रारंभ किया जाएगा।
खाद्य आपूर्ति विभाग के अनुसार यह अभियान लगभग एक माह के भीतर पूरा किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस प्रक्रिया से अपात्र लाभार्थियों को सूची से हटाया जा सकेगा और पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सकेगा।

