

स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट


लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट के करीबी सहयोगी एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनू पांडे के आकस्मिक निधन से पूरे विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।


सोनू पांडे अपने हंसमुख स्वभाव और सामाजिक कार्यों के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। वह लंबे समय से विधायक डॉ. मोहन बिष्ट के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे और विभिन्न सामाजिक तथा जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे थे।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू पांडे ने देर शाम अज्ञात कारणों के चलते कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी ले गए।

अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस दुखद समाचार के सामने आते ही उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में कोहराम मच गया।
जैसे ही निधन की सूचना बिंदुखत्ता क्षेत्र में पहुंची, बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे। क्षेत्र के लोग इस खबर पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं और उनके असमय निधन को बड़ी क्षति बता रहे हैं।

सोनू पांडे के निधन पर राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। लोगों ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

