

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने की।


जनपद के विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने कार्यक्रम में अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। प्राप्त शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 94 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


कार्यक्रम में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, कृषि, उद्यान, सिंचाई, उरेड़ा, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, समाज कल्याण तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ समाधान किया जाए।


उन्होंने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम शासन और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी मंच है तथा प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है।



