

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र स्थित पितांबरपुर में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक रॉयल एनफील्ड बुलेट में सांप घुसने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे स्नेक रेस्क्यूर ने बाइक की गहन जांच शुरू की, लेकिन काफी देर तक सांप का कोई सुराग नहीं मिल पाया।


जांच के दौरान जब बाइक के एयर फिल्टर को खोला गया तो सभी हैरान रह गए। एयर फिल्टर के अंदर एक जहरीला भारतीय नाग (इंडियन कोबरा) छिपा हुआ मिला। कोबरा को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।



स्नेक रेस्क्यूर ने पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ कोबरा को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।


विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और गर्मी के मौसम में सांप अक्सर सुरक्षित और ठंडी जगहों की तलाश में वाहनों, घरों और अन्य स्थानों में घुस जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूर या वन विभाग की सहायता लें तथा वन्यजीवों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचाएं।
समय रहते सांप के सुरक्षित रेस्क्यू से एक संभावित हादसा टल गया और स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली।


