

स्थान : बनबसा/चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र में एक मेडिकल व्यवसायी पर नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने बनबसा थाने में तहरीर देकर एक मेडिकल स्टोर संचालक पर नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और प्रथम दृष्टया तथ्यों के आधार पर आरोपी राज मुशर्रफ के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।


पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


घटना की जानकारी सामने आने के बाद विभिन्न सामाजिक एवं हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित मेडिकल स्टोर को सीज करने की कार्रवाई भी की।
विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए नाबालिग पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना भी की।


थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।



नोट: आरोपी पर लगाए गए आरोप वर्तमान में जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं। अदालत द्वारा दोष सिद्ध होने तक आरोपी को कानूनन दोषी नहीं माना जाता।

