चारधाम यात्रा की 24 घंटे निगरानी कर रहा कंट्रोल रूम, 45 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ निस्तारण

चारधाम यात्रा की 24 घंटे निगरानी कर रहा कंट्रोल रूम, 45 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ निस्तारण

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) का कमांड एंड कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित यह सेंटर पांचों धामों की लाइव मॉनिटरिंग, यात्रियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और मौसम संबंधी अपडेट उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि 36 लाख से ज्यादा यात्री धामों में दर्शन कर चुके हैं। यात्रा प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम में 35 कार्मिक चार शिफ्टों में लगातार कार्य कर रहे हैं।

कंट्रोल रूम के माध्यम से अब तक 45 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। इनमें हेलीकॉप्टर सेवा से संबंधित 4,469 शिकायतें, यात्रा पंजीकरण से जुड़ी 31,942 शिकायतें, वाहन पंजीकरण से संबंधित 1,370 शिकायतें तथा अन्य श्रेणी की 785 शिकायतें शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, आधार आधारित पंजीकरण व्यवस्था लागू होने से फर्जी रजिस्ट्रेशन पर प्रभावी रोक लगी है। इसके अलावा मौसम विभाग के पूर्वानुमान और आवश्यक यात्रा संबंधी सूचनाएं पंजीकृत श्रद्धालुओं को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जा रही हैं, जिससे यात्रियों को समय रहते आवश्यक जानकारी मिल सके।

मानसून सीजन को देखते हुए कंट्रोल रूम और कॉल सेंटर को विशेष रूप से सतर्क रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि चारधाम यात्रा सुरक्षित और निर्बाध रूप से संचालित होती रहे।