जर्जर भवन का मलबा हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन

जर्जर भवन का मलबा हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन

स्थान : नरेंद्रनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

नरेंद्रनगर के कलश क्वार्टर क्षेत्र में तीन वर्ष पूर्व ध्वस्त किए गए जर्जर सरकारी भवन का मलबा अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। नाली के ऊपर भारी मात्रा में जमा मलबे के चलते क्षेत्र में गंदगी फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। वहीं आगामी बरसात के मौसम में आसपास के आवासीय मकानों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय संगठन का आरोप है कि इस समस्या के समाधान के लिए वह पिछले एक वर्ष से लगातार लोक निर्माण विभाग को पत्राचार और शिकायतें भेजता रहा है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

समस्या के निराकरण की मांग को लेकर संगठन के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी भी व्यक्त की गई।

धरने के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल और संगठन के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई। वार्ता में अधिशासी अभियंता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर मलबा हटाने और संबंधित समस्या के समाधान की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

अधिशासी अभियंता के आश्वासन के बाद संगठन ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है। हालांकि संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समयसीमा के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात से पहले मलबा हटाया जाना बेहद जरूरी है, ताकि क्षेत्र में जलभराव, गंदगी और संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।