चंपावत में UKSSSC परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू, सभी केंद्रों पर धारा 163 लागू

चंपावत में UKSSSC परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू, सभी केंद्रों पर धारा 163 लागू

स्थान : लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षा शनिवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर परीक्षा को नकलविहीन और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें चंपावत क्षेत्र में 4 और लोहाघाट में 6 केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों के बाहर धारा 163 लागू की गई है, ताकि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़भाड़ को रोका जा सके।

परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षार्थियों को कड़े सुरक्षा घेरे के बीच परीक्षा कक्षों तक प्रवेश दिया गया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई, यहां तक कि कई स्थानों पर जूते उतरवाकर भी जांच की प्रक्रिया पूरी की गई।

लोहाघाट के एसडीएम द्वारा सभी 6 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

एसडीएम ने जानकारी दी कि सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक हाजिरी ली जा रही है और कड़ी जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की निरंतर निगरानी की जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी कर्मचारियों की भी गहन जांच की गई है और किसी को भी मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं है। लोहाघाट डिग्री कॉलेज में सबसे अधिक 849 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जहां से आयोग के लिए लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है।

परीक्षा ठीक 11 बजे शुरू हुई और दोपहर 1 बजे तक संपन्न होगी। प्रशासन ने परीक्षा की कॉपियों को सुरक्षित रूप से ले जाने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था भी की है, जिसमें पुलिस बल की निगरानी में वाहनों का संचालन किया जा रहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जा रही है, और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।