

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस समारोह से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। मेले की ड्यूटी पर आए दो पुलिसकर्मियों पर दो युवतियों से कथित अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।


जानकारी के अनुसार, 15 जून को होने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस को देखते हुए नैनीताल पुलिस द्वारा अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इन पुलिसकर्मियों के ठहरने की व्यवस्था स्थानीय होमस्टे और गेस्ट हाउस में की गई थी।



आरोप है कि उधम सिंह नगर से आए दो पुलिसकर्मियों ने देर रात कथित रूप से शराब का सेवन करने के बाद उसी परिसर में मौजूद दो युवतियों के साथ अभद्रता की। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।


आक्रोशित लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि धार्मिक आयोजन की सुरक्षा में तैनात कर्मियों द्वारा इस तरह का व्यवहार बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है।

मामले की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों का एल्कोमीटर टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई है। इसके बाद दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद कैंची धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और कड़ा कर दिया गया है।


गौरतलब है कि 15 जून को कैंची धाम स्थापना दिवस पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन पहले से ही व्यापक सुरक्षा तैयारियों में जुटा हुआ है।

