

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


देहरादून के सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में शनिवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।


जानकारी के अनुसार खेत में पानी लगाने गए विनोद नामक व्यक्ति पर कुछ लोगों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई। वहीं बीच-बचाव में आए परिवार के तीन अन्य सदस्य भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।



बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत पैसों के लेन-देन को लेकर हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।


देर रात तक मौके पर हंगामे और प्रदर्शन का दौर चलता रहा। गुस्साए लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। बैरागीवाला क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और हालात पर कड़ी नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक नियंत्रित हुई।


हालांकि प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे शव के साथ बड़ा आंदोलन करेंगे। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।


पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

