

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में चल रहे एसआईआर (Special Intensive Revision) अभियान के तहत मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में तेजी लाई जा रही है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में 8 जून से शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत 11,733 बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म वितरण और सत्यापन का कार्य किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि राज्य के कुल 79,60,000 मतदाताओं में से अब तक लगभग 44 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। निर्वाचन विभाग ने 18 जून तक इस कार्य को 100 प्रतिशत पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके लिए सभी जिलों में तेजी से काम किया जा रहा है।



डॉ. जोगदंडे के अनुसार पर्वतीय जनपद पिथौरागढ़ और चम्पावत में कार्य की प्रगति 60 से 70 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जबकि देहरादून (30 प्रतिशत), उधम सिंह नगर और हरिद्वार जैसे अधिक आबादी वाले मैदानी जिलों में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी है।


उन्होंने बताया कि इन जिलों में अधिक जनसंख्या और भौगोलिक चुनौतियों के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है, लेकिन सीईओ कार्यालय द्वारा लगातार इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि समय पर लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
बीएलओ की सहायता के लिए तकनीकी मैनपावर और वॉलेंटियर्स को भी तैनात किया गया है, जिससे नेटवर्क समस्या और अन्य तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इससे कार्यकर्ताओं पर अतिरिक्त दबाव भी कम होगा और प्रक्रिया अधिक सुचारू रूप से आगे बढ़ेगी।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मानसून की परिस्थितियों का इस अभियान पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और यह कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर ही पूरा किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का यह विशेष पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ पूरा किया जा रहा है।

