

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


देहरादून के परेड मैदान में वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना लगातार 158वें दिन भी जारी रहा। लंबे समय से मांग पूरी न होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और देर शाम प्रदर्शन उग्र होता नजर आया।


धरने को समर्थन देने पहुंचीं ज्योति रौतेला विरोध स्वरूप पानी की टंकी पर चढ़ गईं। बताया गया कि उन्होंने खुद पर पेट्रोल भी डाल लिया, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और प्रशासन में हड़कंप मच गया।


स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट ने टंकी पर चढ़े अभ्यर्थियों और ज्योति रौतेला से बातचीत कर उन्हें ऐसा कदम न उठाने की अपील की।


धरना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक अपनी बात रखने का भरोसा दिलाया।

देर शाम डीजी हेल्थ भी नर्सिंग अभ्यर्थियों के बीच पहुंचीं और उनकी मांगों को विस्तार से सुना। इस दौरान अभ्यर्थियों ने वर्षवार भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग दोहराई।

नवल पुंडीर ने बताया कि डीजी हेल्थ ने उनकी मांगों को जायज माना है और कहा है कि वह इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार कर स्वास्थ्य मंत्री को भेजेंगी, ताकि समाधान पर विचार किया जा सके।


नवल पुंडीर ने कहा कि अभ्यर्थियों ने फिलहाल मुख्य सड़क खाली कर दी है और अब परेड ग्राउंड के भीतर ही धरना जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
लगातार बढ़ते आंदोलन और अभ्यर्थियों के आक्रोश को देखते हुए अब सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर समाधान निकालने का दबाव बढ़ता जा रहा है।

