ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरगलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35 बाइकें सीज

ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरगलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35 बाइकें सीज

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरगलिया पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान कुल 35 बाइकें सीज की गई हैं।

एसएसपी नैनीताल द्वारा सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध वाहन चालकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मनोज कत्याल और अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

पुलिस अभियान का नेतृत्व हरपाल सिंह ने किया। चोरगलिया क्षेत्र में सघन चेकिंग और पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने उन बाइक चालकों को चिन्हित किया जो पहचान छुपाने की नीयत से बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट हटाकर वाहन चला रहे थे।

पुलिस के अनुसार चौकी कुंवरपुर क्षेत्र में कुल 15 बाइकें सीज की गईं, जिनमें से छह बाइकें वर्तमान में भी चौकी परिसर में खड़ी हैं। वहीं थाना चोरगलिया क्षेत्र में 20 बाइकें सीज की गईं, जिनमें से 12 बाइकें अब भी थाने में निरुद्ध हैं।

अभियान के दौरान कई मामलों में अभिभावकों की लापरवाही भी सामने आई। पुलिस का कहना है कि कई बच्चे बिना नंबर वाली बाइकें घरों में रखते हैं और परिवार के लोग इस पर आपत्ति नहीं जताते, जिससे अपराध और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसी लापरवाही भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है।

एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पहचान छुपाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट और संशोधित वाहनों के खिलाफ अभियान तेज होने की संभावना जताई जा रही है।