

स्थान : मंगलौर
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस ने एटीएम बदलकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 12 एटीएम कार्ड और 10,710 रुपये नकद बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार गिरोह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में लोगों को निशाना बनाकर एटीएम बदलने की वारदातों को अंजाम दे रहा था। मंगलौर के मुंडलाना गांव निवासी एक व्यक्ति से भी आरोपियों ने 70 हजार रुपये की ठगी की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 356 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लंबी पड़ताल के बाद पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों और आरोपियों की पहचान का खुलासा किया।

जांच में सामने आया कि आरोपी रविवार के दिन ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे, क्योंकि उस दिन अधिकतर बैंक बंद रहते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को तत्काल सहायता नहीं मिल पाती।
पुलिस ने बताया कि गिरोह इंस्टाग्राम के जरिए आपस में संपर्क और प्लानिंग करता था। आरोपी खासतौर पर गांव-देहात की महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाते थे और मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकाल लेते थे।

ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार साइबर अपराधियों और ठगों के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और उनसे पूछताछ के आधार पर कई अन्य मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

