

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत। ऑल इंडिया केमिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में 20 मई को चंपावत जिले के सभी मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। जिले के दवा व्यवसायियों ने इस बंद को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।


जिला केमिस्ट एसोसिएशन चंपावत, उत्तरांचल औषधि व्यावसायी महासंघ और ड्रग एसोसिएशन लोहाघाट ने संयुक्त रूप से जिले के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से बंद को सफल बनाने की अपील की है।


दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भारी डिस्काउंट के साथ दवाओं की बिक्री की जा रही है, जिससे पारंपरिक मेडिकल स्टोर व्यवसाय पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।


एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कई मामलों में बिना चिकित्सक की सलाह के दवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे उत्पन्न हो सकते हैं।

जिला केमिस्ट एसोसिएशन के जिला महामंत्री चंद्रशेखर उप्रेती और ड्रग एसोसिएशन लोहाघाट के अध्यक्ष हेमचंद्र पुनेठा ने इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त की है।


उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ऑनलाइन दवा बिक्री को बढ़ावा दिए जाने से स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालकों की आजीविका पर संकट उत्पन्न हो रहा है।



व्यापारियों का यह भी कहना है कि वे सभी नियमों का पालन करते हुए स्टॉक और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड रखते हैं, इसके बावजूद उन्हें ऑनलाइन व्यापार से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।
दवा व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लगाया गया तो भविष्य में इसका व्यापक विरोध और आंदोलन किया जा सकता है।

