

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


जिला सैनिक कल्याण परिषद की बैठक कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।


बैठक में सैनिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाना चाहिए।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि आपदा जैसी परिस्थितियों में पूर्व सैनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए उन्होंने पूर्व सैनिकों की ट्रेनिंग कराने और वॉलेंटियर सूची तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में पूर्व सैनिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर भी चर्चा हुई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पेंशन, चिकित्सा सुविधा, रोजगार, शिक्षा और अन्य लंबित मामलों पर भी विस्तार से विचार किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि किसी भी लाभार्थी को परेशानी न हो।


बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में कुल 9435 पूर्व सैनिक, 4979 वीरांगनाएं तथा 26 द्वितीय विश्व युद्ध की वीरांगनाएं निवास करती हैं।
विजय मनराल ने भी बैठक में मौजूद रहकर विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की।
अधिकारियों ने कहा कि पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं देश के साहस और सम्मान का प्रतीक हैं और प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

