नैनीताल में भूस्खलन प्रभावित कृष्णापुर का निरीक्षण, कुमाऊं आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

नैनीताल में भूस्खलन प्रभावित कृष्णापुर का निरीक्षण, कुमाऊं आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

स्थान : नैनीताल
रिपोर्टर : संजय जोशी

दीपक रावत ने मंगलवार को नैनीताल जनपद के कृष्णापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर भूस्खलन और पहाड़ी से गिरते बोल्डरों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण में सामने आया कि क्षेत्र में लंबे समय से अस्थिर स्थिति में मौजूद एक बड़ा बोल्डर, जिसे पहले सिंचाई विभाग द्वारा जाल लगाकर रोकने का प्रयास किया गया था, अब भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। हाल ही में इस बोल्डर के गिरने से एक कार और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि केवल बोल्डरों को स्थिर करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सुरक्षित और पूर्ण निस्तारण जरूरी है। इसके लिए उन्होंने स्लोप स्टेबलाइजेशन में विशेषज्ञ एजेंसी को तत्काल मौके पर बुलाने और आधुनिक तकनीक से बोल्डरों को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही अपर जिलाधिकारी को संबंधित एजेंसी से समन्वय कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण शीघ्र कराने के भी निर्देश दिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने पैदल मार्ग की जर्जर स्थिति और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को तत्काल मार्ग मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए और कहा कि जब तक बलिया नाले का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक मार्ग पर रेलिंग लगाकर उसे सुरक्षित बनाया जाए।

लोगों द्वारा वैकल्पिक दोपहिया मार्ग की मांग भी रखी गई, जिसमें कुमाऊं विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान विभाग के मैदान से पुराना कूड़ा खड्ड तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव शामिल था। इस पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग को सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और नगर पालिका नैनीताल को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था नियमित की जाए और ड्यूटी पर अनुपस्थित सफाई कर्मियों का वेतन काटा जाए।

उन्होंने कहा कि भूस्खलन और मार्ग धंसने की समस्या का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कई विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक,पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी सहित अन्य विभागों के अधिकारी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।