

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


विकासनगर के तिलक भवन में कांग्रेस कमेटी विकासनगर और हरबर्टपुर की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने हरबर्टपुर नगर पालिका में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।


प्रेस वार्ता में शहर कांग्रेस कमेटी विकासनगर अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि 15 दिन पहले इन मामलों को लेकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना के अधिकार (RTI) के माध्यम से मिली जानकारी में तेल घोटाले की पुष्टि होती है। साथ ही केमिकल और ग्लव्स की खरीद में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।


कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बिना फिटनेस वाले डंपरों को नगर पालिका में चलाया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों की जान जोखिम में डाली जा रही है। बताया गया कि संबंधित वाहनों की फिटनेस वर्ष 2014 में ही समाप्त हो चुकी है।
प्रेस वार्ता में सभासद मोहन राठौर से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस नेताओं ने उनके साइन बोर्ड पर पेंट लगाने, पीठ बाजार में अवैध वसूली और फर्जी एफिडेविट के जरिए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।


कांग्रेस ने मांग की है कि हरबर्टपुर नगर पालिका के सभी मामलों की मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।


नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

