

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


उधम सिंह नगर के जगतपुर पट्टी टोल प्लाजा पर एक बार फिर भारी जाम लगने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। टोल प्लाजा पर बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।


इस समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने टोल प्रशासन को सख्त चेतावनी दी है। किसान नेताओं ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।

किसान नेता सुरजीत ढिल्लो ने कहा कि टोल प्लाजा पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता के साथ-साथ स्कूल बसों और बच्चों को भी परेशानी हो रही है।


उन्होंने मांग की कि जब तक सॉफ्टवेयर सिस्टम पूरी तरह अपडेट नहीं होता, तब तक स्थानीय वाहनों को अलग मार्ग से निकाला जाए ताकि जाम की स्थिति कम हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो टोल को फ्री कराने तक का कदम उठाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बसें और अन्य वाहन भी लंबे समय तक जाम में फंसे रहते हैं, जिससे बच्चों और यात्रियों को काफी दिक्कत होती है।


वहीं टोल प्लाजा के मैनेजर जावेद ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अब फास्टैग केवल बारकोड स्कैनिंग के माध्यम से ही रीड किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि कई वाहनों के फास्टैग स्टिकर खराब या डैमेज होने के कारण स्कैनिंग में समय लग रहा है। कुछ वाहन ऐसे भी हैं जिनमें फास्टैग सही तरीके से नहीं लगा है, जिससे दिक्कतें आ रही हैं।

मैनेजर के अनुसार इस समस्या को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भी शिकायत भेजी गई है और स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि वाहनों को जल्द से जल्द निकाला जाए।

फिलहाल टोल पर जाम की स्थिति और तकनीकी समस्याओं को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है, जबकि आम लोग रोजाना जाम की समस्या से परेशान हैं।

