

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 10 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश के अनुसार पांच आईएएस और पांच पीसीएस अधिकारियों को नवीन तैनाती एवं अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।

वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी ललित मोहन रयाल को जिलाधिकारी नैनीताल एवं उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के प्रभार से अवमुक्त कर दिया गया है। उन्हें उत्तराखंड शासन में अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा मुख्यमंत्री के अपर सचिव के पद पर तैनात किया गया है।




वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी अंशुल सिंह को जिलाधिकारी अल्मोड़ा के पद से स्थानांतरित करते हुए नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्ष 2017 बैच की आईएएस अधिकारी दीप्ति सिंह को निदेशक खेल एवं युवा कल्याण के पद से स्थानांतरित कर अल्मोड़ा की जिलाधिकारी बनाया गया है।

वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी विनीत तोमर को उनके वर्तमान पद प्रबंध निदेशक कुमाऊं मंडल विकास निगम के साथ-साथ उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अब वह दोनों महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।


वर्ष 2017 बैच की आईएएस अधिकारी निधि यादव को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के पदभार से अवमुक्त किया गया है। उन्हें अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी शासन ने महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद से स्थानांतरित कर अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। वहीं, वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार के पद से अवमुक्त करते हुए अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद पर तैनाती दी गई है।



पीसीएस अधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय को उनके वर्तमान पद अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार के साथ-साथ अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। शासन ने उन्हें वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त प्रशासनिक दायित्व दिया है।

पीसीएस अधिकारी सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा एवं नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा के पदभार से अवमुक्त करते हुए डिप्टी कलेक्टर नैनीताल बनाया गया है। वहीं, सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल के पद से स्थानांतरित कर डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा के पद पर तैनात किया गया है।
शासन की ओर से जारी इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद नैनीताल, अल्मोड़ा, हरिद्वार और देहरादून सहित शासन स्तर पर कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। विशेष रूप से नैनीताल और अल्मोड़ा में नए जिलाधिकारियों की नियुक्ति के बाद अब सभी की निगाहें उनकी कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं की प्राथमिकताओं पर टिकी रहेंगी।

