रामनगर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ एसडीएम की बड़ी कार्रवाई, चार भट्टियां ध्वस्त

रामनगर में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ एसडीएम की बड़ी कार्रवाई, चार भट्टियां ध्वस्त

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रामनगर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में अवैध कच्ची शराब की बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम ने स्वयं तहसील स्तर पर टीम गठित कर अवैध कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान चार अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त करने के साथ ही हजारों लीटर लहन नष्ट किया गया।

रामनगर के कई ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कच्ची शराब की बिक्री को लेकर स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से संबंधित विभागों के अधिकारियों से शिकायत करते आ रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे।

ग्रामीण क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब की बिक्री की शिकायत मिलने के बाद एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने तहसील स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया। उन्होंने स्वयं टीम की कमान संभालते हुए छोई क्षेत्र के अंतर्गत बंजारी गेट के समीप नदी किनारे जंगल में छापेमारी की।

एसडीएम के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान टीम ने जंगल में संचालित चार अवैध कच्ची शराब की भट्टियों को ध्वस्त करते हुए मौके पर मौजूद हजारों लीटर लहन को नष्ट कर दिया।

एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। इस दौरान दो आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, जबकि दो अन्य आरोपियों को टीम ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद तीन मोटरसाइकिलों को भी अपने कब्जे में लिया। एसडीएम ने बताया कि बरामद शराब, उपकरण, मोटरसाइकिलों और गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आबकारी विभाग के सुपुर्द करते हुए संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसडीएम की इस कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग, पुलिस और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जंगल क्षेत्र में अवैध शराब की भट्टियों का संचालन और ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होना संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि रामनगर क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

एसडीएम ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा और उनके द्वारा समय-समय पर इस प्रकार की छापेमारी की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब देखना होगा कि संबंधित विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कितनी प्रभावी कार्रवाई करते हैं।