

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने और सहकारिता व्यवस्था को अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का अधिवेशन पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया। अधिवेशन में जिलेभर की दुग्ध समितियों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि चार रुपये से बढ़ाकर छह रुपये प्रति लीटर करने की प्रमुख मांग उठाई गई।

अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा नेता राजेंद्र सिंह बिष्ट, नवीन दुम्का और हरीश बिष्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अधिवेशन की अध्यक्षता नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की, जबकि संचालन प्रबंधक प्रशासन संजय सिंह भाकुनी ने किया।





दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने संघ की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि नैनीताल दुग्ध संघ अपने 78 वर्ष पूरे कर 79वें वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। वर्तमान में संघ से 710 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियां जुड़ी हैं, जिनमें 354 पर्वतीय और 356 मैदानी क्षेत्रों में संचालित हैं। इन समितियों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 1.15 लाख किलोग्राम दूध का संग्रह किया जा रहा है, जबकि एक दिन में अधिकतम 1.41 लाख किलोग्राम दूध संग्रह करने का रिकॉर्ड भी संघ के नाम है।


उन्होंने बताया कि आंचल ब्रांड के उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए संघ के पास 2760 दुग्ध विक्रेताओं का नेटवर्क है। इसके माध्यम से प्रतिदिन औसतन 88 हजार लीटर दूध की बिक्री की जा रही है। इसके अतिरिक्त करीब 30 हजार लीटर दूध से निर्मित विभिन्न दुग्ध उत्पादों की प्रतिदिन बिक्री हो रही है। संघ एक दिन में अधिकतम 1.21 लाख लीटर दूध की बिक्री का रिकॉर्ड भी बना चुका है।



अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में दुग्ध उत्पादकों को दूध मूल्य अंतर के रूप में 2.55-2.55 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसके अलावा वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक का 1.74 करोड़ रुपये का हिस्सा लाभांश शीघ्र ही दुग्ध समितियों के बैंक खातों में जमा कराया जाएगा। वहीं, दुग्ध समितियों द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में 5.15 करोड़ रुपये और 2025-26 में 5.46 करोड़ रुपये सदस्य बोनस के रूप में वितरित किए गए हैं।

अधिवेशन के दौरान मुकेश बोरा ने पशुपालन की बढ़ती लागत को देखते हुए राज्य सरकार से दुग्ध उत्पादकों की प्रोत्साहन राशि चार रुपये से बढ़ाकर छह रुपये प्रति लीटर करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पशु आहार, चारा, दवाइयों और रखरखाव की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों के समिति सचिवों को मिल रही 50 पैसे प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि की तर्ज पर मैदानी क्षेत्रों की दुग्ध समितियों के सचिवों को भी न्यूनतम 25 पैसे प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि देने की मांग उठाई गई।



दुग्ध व्यवसाय के विस्तार की योजनाओं की जानकारी देते हुए संघ अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के निर्देशन में नई दुग्धशाला का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा विकासखंड धारी में चीज प्लांट स्थापित करने की योजना प्रस्तावित है। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से दुग्ध प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों को बेहतर विपणन सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।


अधिवेशन में पशुपालकों को प्राथमिक एवं आकस्मिक पशु चिकित्सा सेवाएं, पशु रोग निवारण शिविर, कृमिनाशक दवाएं और नियमित टीकाकरण की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही अनुदान पर संतुलित पशु आहार, साइलेज और मिनरल मिक्सचर उपलब्ध कराने, भूसा भंडारण की व्यवस्था विकसित करने तथा नए दुग्ध संग्रह केंद्रों के निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही गई।

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का दुग्ध उत्पादकों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार दुग्ध उत्पादकों की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने और मैदानी क्षेत्र की दुग्ध समितियों के सचिवों को आर्थिक प्रोत्साहन देने की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी। अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक मजबूती, ग्रामीण स्वरोजगार और सहकारिता व्यवस्था के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।

