मानव-वन्यजीव संघर्ष पर बड़ी सफलता, बाघ का सफल रेस्क्यू कर कॉर्बेट भेजा गया

मानव-वन्यजीव संघर्ष पर बड़ी सफलता, बाघ का सफल रेस्क्यू कर कॉर्बेट भेजा गया

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

मोहान वन प्रभाग के कैमोरिया बीट अंतर्गत ग्राम सभा तड़म में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटना के बाद चल रहे लंबे रेस्क्यू अभियान में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है।

काकुल पुंडीर ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार सघन निगरानी और संयुक्त अभियान के बाद आज सुबह लगभग 9 बजे संबंधित बाघ को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया।

रेस्क्यू के बाद बाघ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें उसे पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से कॉर्बेट टाइगर रिजर्व भेज दिया गया।

यह घटना 31 मार्च 2026 को सामने आई थी, जिसके बाद से वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थी। इस दौरान ड्रोन कैमरों, ट्रैप कैमरों और गश्ती दलों की मदद ली गई।

वन विभाग ने सुरक्षा के लिए पिंजरा, फॉक्स लाइट, सायरन और अग्निशमन उपकरणों का उपयोग करते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की। साथ ही लोगों को लगातार सतर्क रहने की सलाह भी दी जाती रही।

नैनीताल चिड़ियाघर और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीमों ने भी इस अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

इससे पहले 3 मई 2026 को भी बाघ को ट्रैंकुलाइज करने का प्रयास किया गया था, लेकिन घने जंगल और कठिन परिस्थितियों के कारण सफलता नहीं मिल पाई थी। इसके बाद अभियान को और तेज किया गया।

वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में जन-जागरूकता अभियान भी चलाया, जिसमें ग्रामीणों को सावधानियों के बारे में बताया गया और पोस्टर-पंपलेट के माध्यम से जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वन्यजीवों की किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें और जंगल में अकेले जाने या रात के समय अनावश्यक आवाजाही से बचें।