

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


सिडकुल थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सार्वजनिक स्थानों और ढाबों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 62 लोगों को गिरफ्तार किया।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत सिडकुल थाना पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों, ढाबों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन निरीक्षण किया।

कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा कर रहे 62 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में महिलाओं पर फब्तियां कसने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाए।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना और कानून व्यवस्था भंग करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने हुड़दंगियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


हरिद्वार पुलिस का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग या अभद्रता की घटनाएं दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

