

रिपोर्टर : पंकज सक्सेना
स्थान : हल्द्वानी

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने इस वर्ष एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए अपने इतिहास में पहली बार बेहद कम समय में सभी परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे एक बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि बताया है।


कुलपति ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षाएं 11 अप्रैल 2026 को संपन्न हुई थीं और मात्र 20 दिनों के भीतर 30 अप्रैल 2026 तक शत-प्रतिशत परिणाम घोषित कर दिए गए।

उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय स्तर पर गठित वरिष्ठ शिक्षकों की विशेष टीम के प्रयासों का परिणाम है। इस टीम ने कुल 289 अतिरिक्त मूल्यांकन कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया, जिससे परिणाम जल्द जारी हो सके।

विश्वविद्यालय के अनुसार, कुल 323 परीक्षाओं के परिणाम पूर्ण रूप से घोषित किए जा चुके हैं। इतनी कम अवधि में सभी परिणाम जारी करना विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार हुआ है।

कुलपति ने बताया कि इस उपलब्धि के लिए विशेष रणनीति के तहत मूल्यांकन प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाया गया। साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों ने अतिरिक्त जिम्मेदारी निभाते हुए समय से पहले कार्य पूरा किया।

इसके अलावा विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षार्थियों के लिए निशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। इस योजना के तहत हजारों छात्रों को मुफ्त पुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं।



प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि विश्वविद्यालय में स्थायी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अंतर्गत प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है।


अंत में कुलपति ने इस सफलता के लिए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और संबंधित टीम को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी इसी तरह नवाचार और गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ता रहेगा।

