गौरीखेड़ा में शाह हजरत दादा मियां के सालाना उर्स की धूम, हजारों जायरीन पहुंचे

गौरीखेड़ा में शाह हजरत दादा मियां के सालाना उर्स की धूम, हजारों जायरीन पहुंचे

स्थान : सितारगंज
ब्यरो रिपोर्ट

सितारगंज के नजदीक ग्राम सभा गौरीखेड़ा में शाह हजरत दादा मियां के सालाना उर्स का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल और भक्ति का वातावरण देखने को मिल रहा है।

उर्स कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान ग्राम प्रधान ताहिर मलिक, क्षेत्र पंचायत सदस्य साजेब मलिक सहित ग्रामीणों ने उनका फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया।

ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने उर्स का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया और दरगाह पर पहुंचकर चादरपोशी भी की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए दुआ की।

उर्स शरीफ में दूर-दराज से आए कव्वालों की शानदार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कव्वालियों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा परिसर सूफी रंग में रंग गया।

ग्राम प्रधान ताहिर मलिक ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी उर्स का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाह हजरत दादा मियां की दरगाह पर हजारों की संख्या में जायरीन पहुंचते हैं और अपनी मन्नतें मांगते हैं।

स्थानीय लोगों का मानना है कि दरगाह पर सच्चे मन से की गई दुआएं पूरी होती हैं, जिसके चलते यहां हर वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कुल मिलाकर गौरीखेड़ा का यह सालाना उर्स आपसी भाईचारे, आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनकर क्षेत्र में विशेष महत्व रखता है।