नैनीताल पुलिस में भावनात्मक विदाई समारोह, तीन कर्मियों को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई

नैनीताल पुलिस में भावनात्मक विदाई समारोह, तीन कर्मियों को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

जनपद नैनीताल पुलिस विभाग में सेवा दे चुके 02 पुलिस कर्मियों और 01 अनुचर के ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के अवसर पर कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम में सम्मान और भावनाओं का संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल द्वारा की गई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे कार्मिकों को शॉल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में अपर उप निरीक्षक (एएसआई) केदार सिंह, हेड कांस्टेबल अकिल मलिक और अनुचर भोलानाथ शामिल रहे। तीनों कर्मियों ने लंबे समय तक विभिन्न जिलों और महत्वपूर्ण ड्यूटियों में अपनी सेवाएं दीं।

केदार सिंह ने वर्ष 1994 में कांस्टेबल पद से सेवा शुरू की थी और अल्मोड़ा, बरेली तथा नैनीताल में अपनी सेवाएं दीं। वहीं अकिल मलिक ने 2002 से सेवा प्रारंभ कर हरिद्वार, सीबीसीआईडी और नैनीताल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अनुचर भोलानाथ ने भी करीब 28 वर्षों तक निष्ठा और मेहनत से विभाग में योगदान दिया।

समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इन कर्मियों की सेवाएं अनुकरणीय रही हैं, जिन्होंने वीआईपी सुरक्षा, निर्वाचन ड्यूटी और सीजन ड्यूटी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को जिम्मेदारी से निभाया।

इस मौके पर एसपी संचार ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब वे अपने जीवन के नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं, जहां उन्हें स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा भी सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

विदाई समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए और विभाग के साथ बिताए यादगार पलों को भावुकता के साथ याद किया।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी इस भावनात्मक अवसर पर मौजूद रहे।

पूरे समारोह में पुलिस परिवार की एकता, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जिससे माहौल बेहद भावुक हो गया।