

स्थान : लक्सर (हरिद्वार)
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के लक्सर स्थित जेके टायर फैक्ट्री में बड़ा स्वास्थ्य संकट सामने आया है, जहां कथित रूप से दूषित पानी पीने के कारण 250 से अधिक कर्मचारी बीमार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।


जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों को अचानक उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई कर्मचारियों को लक्सर, रुड़की और हरिद्वार के विभिन्न निजी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया है।

कुछ कर्मचारियों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई है, जबकि कई का इलाज अभी जारी है। फैक्ट्री परिसर में इस घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है और कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।


कर्मचारियों का आरोप है कि फैक्ट्री में सप्लाई किए गए दूषित पानी के सेवन से ही उनकी तबीयत बिगड़ी है, जिससे यह बड़ा स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हुआ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए खानपुर विधायक उमेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने फैक्ट्री के वॉटर टैंक का निरीक्षण किया और अस्पतालों में भर्ती कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना।

विधायक ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।



वहीं फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि पानी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इस पूरे मामले पर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन भी नजर बनाए हुए है और स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।

