
स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत विकासखंड द्वारहाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मजखाली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की मौजूदगी में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।

शिविर में कुल 658 लोगों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।


इस दौरान जनसामान्य की ओर से 43 शिकायतें और प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों के अनुसार शिविर में प्राप्त सभी 43 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।


विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 95 आवेदन प्राप्त हुए। इसके साथ ही विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से कुल 479 लोगों को लाभान्वित किया गया।


मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने पर भी जोर दिया।

सीडीओ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाना है। साथ ही स्थानीय स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें राहत उपलब्ध कराना इस अभियान की प्राथमिकता है।




शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक करने के साथ पात्र लाभार्थियों को संबंधित सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। लोगों ने भी अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, खंड विकास अधिकारी निवेदिता खुल्वे, जिला पंचायत सदस्य दीपक प्रभाकर, ग्राम प्रधान निर्मला देवी, हेमा अधिकारी, हेमा बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

