थराली चोरी का खुलासा, पुलिस ने तीन आरोपियों को श्रीनगर से किया गिरफ्तार

थराली चोरी का खुलासा, पुलिस ने तीन आरोपियों को श्रीनगर से किया गिरफ्तार

स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

थाना थराली क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में थाना थराली पर मुकदमा संख्या 26/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार भारती ने किया। क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी माध्यमों का भी सहारा लिया।

जांच के दौरान थाना क्षेत्र के अलावा जनपद और अन्य जिलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों और आवाजाही की जानकारी जुटाने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी सीडीआर का भी विश्लेषण किया गया।

पुलिस ने जांच में मिले सुरागों को जोड़ते हुए 4 अक्टूबर 2026 को तीन आरोपियों को कोतवाली श्रीनगर गढ़वाल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सहादत पुत्र नफीस, मोबिन पुत्र फुरकान और सूरज सिंह पुत्र विजय सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार सहादत और मोबिन नल्हेड़ा गाजी, थाना गागलहेड़ी, जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जबकि सूरज सिंह ग्राम दरमोला, जनपद रुद्रप्रयाग का रहने वाला है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पन्ती पम्प हाउस, नारायणबगड़ से स्टार्टर पैनल, एक्सटेंशन बोर्ड और तार चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कर्णप्रयाग कोतवाली क्षेत्र के लंगासू में भी चोरी की घटना में शामिल होने की जानकारी दी है।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए सामान को बेच दिया गया था। पुलिस अब पूछताछ के आधार पर उनके अन्य आपराधिक मामलों और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार भारती, अपर उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल दीपक नेगी और रोहित राणा शामिल रहे।