खटीमा के ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बच्चों को परोसा भोजन

खटीमा के ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बच्चों को परोसा भोजन

स्थान -खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर के खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोसीकुआ भुड़ाई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में भाग लिया। केंद्र पहुंचने पर मुख्यमंत्री का फूलमालाओं, पुष्पवर्षा और लोकनृत्य के साथ स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से संवाद किया और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनकी दिनचर्या व पोषण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म में भी भाग लिया। महिलाओं को पौष्टिक आहार की किट वितरित की गई। साथ ही 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

कार्यक्रम में पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के स्वस्थ विकास और बेहतर पोषण के लिए परिवारों को जागरूक रहने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 9 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 2 आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

सीएम धामी ने कहा कि ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, स्नेह और संवाद को हर घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण देने के स्थान नहीं हैं, बल्कि बच्चों के संस्कार, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। महालक्ष्मी किट, पोषण योजनाओं और मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार, समाज और परिवार मिलकर बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण की जिम्मेदारी निभाएं तो स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड की नींव और मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश में कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे।