

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन पर उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है।


बीसीसीआई ने रियान पराग पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही आईपीएल आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के तहत उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

मामला न्यू चंडीगढ़ में खेले गए राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबले से जुड़ा है, जहां रियान पराग को दूसरी पारी के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते हुए कैमरे में देखा गया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।

उस समय राजस्थान रॉयल्स 223 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही थी। वीडियो में उनके साथ यशस्वी जायसवाल, युधवीर सिंह चरक और कुलदीप सेन भी मौजूद दिखाई दिए।


आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रियान पराग को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो खेल भावना के खिलाफ आचरण से संबंधित है। मैच रेफरी अमित शर्मा ने उन पर यह जुर्माना लगाया, जिसे रियान ने स्वीकार कर लिया है।
बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों और फ्रेंचाइज़ियों के व्यवहार पर सख्त निगरानी रखी जाएगी ताकि आईपीएल की प्रतिष्ठा और अनुशासन बनाए रखा जा सके।


यह भी उल्लेखनीय है कि भारत में वेपिंग और ई-सिगरेट पर प्रोहिबिशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एक्ट 2019 के तहत प्रतिबंध है, जिसके अंतर्गत इसके निर्माण, बिक्री, खरीद और उपयोग पर रोक है।


खेल प्रदर्शन की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में अब तक अच्छा प्रदर्शन कर रही है। टीम नौ मैचों में छह जीत के साथ 12 अंकों पर अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है।

राजस्थान का अगला मुकाबला एक मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेला जाएगा, जहां टीम वापसी करने की कोशिश करेगी और अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी।

