

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

आगामी चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में आईजी लॉ एंड ऑर्डर सुनील कुमार मीणा ने ऋषिकेश पहुंचकर विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान आईजी ने नटराज चौक, चंद्रभागा, श्यामपुर, भद्रकाली विस्थापित क्षेत्र, बैराज और नेपाली फार्म जैसे प्रमुख स्थानों का जायजा लिया। इन स्थानों को यात्रा के दौरान यातायात और भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।


इस दौरान देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने मिलकर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की।


आईजी सुनील कुमार मीणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, जिससे जाम जैसी स्थिति से बचा जा सके। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

चारधाम यात्रा से पहले इस तरह के निरीक्षण को प्रशासन की गंभीरता और तैयारियों का संकेत माना जा रहा है, जिससे इस बार यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

