

लोकेशन – बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाजपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई।


जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने बन्नाखेड़ा-बरहेनी रोड पर चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 19.62 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबी सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी इट्टवा, बन्नाखेड़ा (बाजपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लाल रंग की अपाचे RR 310 मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली बाजपुर में FIR संख्या 139/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/21/60 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विक्रम सिंह धामी, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह परिहार, जगदीश कोठियाल, कांस्टेबल मोहम्मद इरफान और कांस्टेबल कैलाश पांडे शामिल रहे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

