बाजपुर: गेहूं खरीद क्षमता बढ़ाने का फैसला किसानों के हित में—नामधारी

बाजपुर: गेहूं खरीद क्षमता बढ़ाने का फैसला किसानों के हित में—नामधारी

रिपोर्टर : विशेष शर्मा
लोकेशन : बाजपुर/ऊधम सिंह नगर

बाजपुर अनाज मंडी स्थित किसान भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तराखंड किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह नामधारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड के लिए गेहूं खरीद क्षमता को 0.01 एलएमटी से बढ़ाकर 0.50 एलएमटी किया जाना प्रदेश के किसानों के लिए बेहद लाभकारी निर्णय है।

उन्होंने इस फैसले का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह संभव हो पाया है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और अधिक संख्या में किसानों को इसका लाभ मिलेगा।

नामधारी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं किसान पृष्ठभूमि से हैं, इसलिए वे किसानों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने किसानों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए उत्तराखंड किसान आयोग हमेशा तत्पर है। यदि किसी किसान को कोई समस्या है तो वह आयोग में शिकायत दर्ज करा सकता है, जिस पर तत्काल सुनवाई कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

नामधारी ने स्पष्ट किया कि किसान हितों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम दर पर गेहूं खरीद करने वाले सीड्स प्लांट संचालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रेस वार्ता से पहले कृषि मंडी सचिव कैलाश शर्मा ने बुके देकर सुरेंद्र सिंह नामधारी का स्वागत किया। इस अवसर पर मंडी परिसर में मौजूद अन्य अधिकारियों और किसानों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।