

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

चारधाम यात्रा को लेकर हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में शुक्रवार से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह 6 बजे से ही काउंटर खोल दिए गए, जहां देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पंजीकरण कराया।


जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि रजिस्ट्रेशन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है और उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा व पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों से यात्री यहां पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं और मार्गदर्शन हेतु वॉलंटियर भी तैनात किए गए हैं।


उन्होंने जानकारी दी कि यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुलेंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। साथ ही यात्रियों को पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक ठंड को देखते हुए गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह भी दी गई है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल से खुलने जा रहे हैं, जिसके मद्देनजर ऋषिकुल मैदान में करीब 20 रजिस्ट्रेशन काउंटर स्थापित किए गए हैं। पंजीकरण प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और महिला पुलिसकर्मी मौजूद हैं, जबकि फायर सर्विस की टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।


रजिस्ट्रेशन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। मध्य प्रदेश से आए एक यात्री ने बताया कि हरिद्वार पहुंचने पर उनका स्वागत माला पहनाकर किया गया और प्रसाद भी दिया गया, जिससे वे बेहद संतुष्ट हैं।


चारधाम यात्रा के आगाज के साथ ही हरिद्वार में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है और प्रशासन यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

