मसूरी: एमडीडीए पार्किंग पर वेंडिंग जोन प्रस्ताव का विरोध, ज्ञापन सौंपा

मसूरी: एमडीडीए पार्किंग पर वेंडिंग जोन प्रस्ताव का विरोध, ज्ञापन सौंपा

स्थान : मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

नगर पालिका द्वारा एमडीडीए कार पार्किंग स्थल पर वेंडिंग जोन बनाए जाने के प्रस्ताव का शहर के राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने कड़ा विरोध किया है। इस मुद्दे को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता और सभासद गीता कुमाई सहित अन्य लोगों ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि उक्त स्थल को पार्किंग के रूप में ही यथावत रखा जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि यहां वेंडिंग जोन बनाया गया तो इसका व्यापक विरोध किया जाएगा।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि मसूरी एक प्रमुख पर्यटन नगरी है, जहां हर साल लाखों पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है और एकमात्र बड़े पार्किंग स्थल को वेंडिंग जोन में बदलना उचित नहीं है।

उन्होंने बताया कि ज्ञापन के बाद उप जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि फिलहाल वेंडिंग जोन का कार्य रोक दिया गया है और आगे की कार्रवाई एमडीडीए उपाध्यक्ष के निर्देशों के बाद ही की जाएगी।

वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि माल रोड से पटरी व्यापारियों को हटाने के बाद उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के बिना सड़क पर बैठा दिया गया। अब नगर पालिका द्वारा पार्किंग स्थल पर वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव लाया गया है, जो नियमों के विपरीत है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिना लैंड यूज परिवर्तन के इस तरह का कार्य किया जा रहा है, जो नियमों का उल्लंघन है। इस मुद्दे को लेकर शहर में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है।

फिलहाल प्रशासन द्वारा काम रोके जाने के बाद मामला शांत हुआ है, लेकिन आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।