हरिद्वार: चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, ढाबों-होटलों पर छापेमारी

हरिद्वार: चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, ढाबों-होटलों पर छापेमारी

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

चारधाम यात्रा से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में चिड़ियापुर मार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और होलसेलरों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने 9 ढाबों और होटलों के साथ एक होलसेलर की जांच कर नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लिया।

जांच के दौरान एक ढाबा संचालक के पास फूड लाइसेंस नहीं मिलने पर उसे नोटिस जारी किया गया। वहीं असवाल ग्रीन वैली ढाबा को दो दिन के भीतर लाइसेंस बनवाकर उसे प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कोल्ड ड्रिंक कंपनियों पर भी सख्ती दिखाते हुए उनके उत्पादों के सैंपल जांच के लिए भेजे। एक्सपायरी डेट और फूड लाइसेंस से जुड़ी गड़बड़ियां मिलने पर संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर प्रोडक्ट रिकॉल के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा दूध, मावा, दाल सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर लैब परीक्षण के लिए भेजे गए हैं, ताकि उनकी गुणवत्ता की जांच की जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए पूरे जनपद में लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा।