मसूरी: पर्यटन सीजन से पहले यातायात प्लान तैयार, वन-वे व्यवस्था और मालरोड पर प्रतिबंध की तैयारी

मसूरी: पर्यटन सीजन से पहले यातायात प्लान तैयार, वन-वे व्यवस्था और मालरोड पर प्रतिबंध की तैयारी

स्थान : मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की।

बैठक में सीजन के लिए तैयार किए गए यातायात प्लान की विस्तृत जानकारी साझा की गई और उपस्थित लोगों से सुझाव भी लिए गए।

बैठक में नगर पालिका द्वारा तैयार यातायात योजना को सभासद अमित भट्ट ने सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान मसूरी के अधिकांश मार्गों को वन-वे (एक मार्गीय) यातायात प्रणाली के तहत संचालित करने पर सहमति बनी। साथ ही, मालरोड को निर्धारित समय में वाहनों के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि पर्यटक बिना किसी बाधा के घूम-फिर सकें।

इसके अलावा शहर में सामान सप्लाई करने वाले वाहनों के लिए समय निर्धारित करने पर भी चर्चा की गई। योजना के तहत ऐसे वाहनों को कम यातायात दबाव वाले समय में ही प्रवेश और निकास की अनुमति दी जाएगी, जिससे जाम की समस्या कम हो सके।

पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए यह योजना तैयार की गई है, जिसमें प्राप्त सुझावों को शामिल कर अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना लागू होने के बाद सख्ती से इसका पालन कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पालिका अधिनियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मौजूद सभी पक्षों ने बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया।