

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने शहरी विकास से जुड़े विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।


मंत्री कैड़ा ने कहा कि शहरी विकास विभाग के माध्यम से चलाई जा रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का एक स्पष्ट रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विकास कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


बैठक के दौरान उन्होंने प्रदेश में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरों में ठोस कूड़ा निस्तारण नीति तैयार की जाए और नियमित रूप से कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


इसके अलावा मंत्री ने आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का कुंभ दिव्य और भव्य स्वरूप में आयोजित करने के लिए सरकार पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

इस अवसर पर शहरी विकास विभाग के सचिव नितेश झा, निदेशक विनोद गोस्वामी, अपर सचिव संतोष बडोनी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


