हल्द्वानी में रबी फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग संपन्न

हल्द्वानी में रबी फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग संपन्न

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी तहसील के ग्राम हरिपुरा तुलाराम राजस्व गांव में शनिवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की मौजूदगी में रबी फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग संपन्न कराया गया।

जिलाधिकारी ने किसान नागेंद्र सिंह के खेत में 43.3 वर्ग मीटर के प्लॉट पर पहुंचकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल कटाई प्रयोग का निरीक्षण किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से बातचीत कर क्षेत्र में उगाई जा रही विभिन्न फसलों की जानकारी भी ली। उन्होंने खेती की वर्तमान स्थिति और उत्पादन को लेकर किसानों से फीडबैक प्राप्त किया।

जिलाधिकारी ने स्थानीय किसानों को फसल क्षति से बचाव के लिए फसल बीमा कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बीमा योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मौके पर जिलाधिकारी ने क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए।

उन्होंने बताया कि क्रॉप कटिंग कृषि क्षेत्र में फसल उत्पादन के वैज्ञानिक और वास्तविक आकलन का महत्वपूर्ण आधार है। इससे प्रति हेक्टेयर उपज का सटीक आंकलन होता है, जो समर्थन मूल्य निर्धारण और खाद्यान्न खरीद में सहायक होता है।

इस अवसर पर तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, कानूनगो बृजेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक अरुण वर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।